Vande Bihar

अनंत सिंह बेउर जेल से रिहा, दोनों बेटों और समर्थकों ने किया गर्मजोशी से स्वागत

पटना: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह आज सुबह बेउर जेल से रिहा हो गए। उन्हें सुबह 5:10 बजे जेल से छोड़ा गया। बाढ़ और सचिवालय थाना में दर्ज दो मामलों में पटना हाईकोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में उनकी रिहाई का आदेश दिया था। अनंत सिंह की रिहाई के दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ जेल के बाहर मौजूद थी। उनके दोनों बेटे भी पिता के स्वागत के लिए वहां पहुंचे थे। अनंत सिंह के बेटे अंकित ने कहा कि वह अपने पिता का दिल से स्वागत करेंगे।

गौरतलब है कि अनंत सिंह को बाढ़ के नदवां स्थित उनके घर में एके-47 जैसे घातक हथियार और बुलेटप्रूफ जैकेट की बरामदगी के मामले में निचली अदालत ने 10-10 साल की सजा सुनाई थी, जिसके कारण उनकी विधायकी भी चली गई थी और 2022 में उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। अब पटना हाईकोर्ट ने उन्हें इन आरोपों से बरी कर दिया है। अनंत सिंह की रिहाई को लेकर विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि यह नीतीश सरकार की मदद से संभव हुआ है। इससे पहले पूर्व सांसद आनंद मोहन की भी जेल से रिहाई हुई थी, जिसे लेकर काफी राजनीतिक बहस छिड़ी थी।

एक दिन पहले अनंत सिंह की रिहाई की खबर सुनकर उनके समर्थकों ने बाढ़ में जमकर जश्न मनाया, जिसमें एनएच 31 पर आतिशबाजी भी शामिल थी। इस मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की बात कही है और अनंत सिंह के समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

बाढ़ एएसपी अपराजित लोहान ने पुष्टि की है कि बाढ़ थाने में 17 लोगों के खिलाफ नामजद और 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है, हालांकि कानूनी जानकारों के अनुसार, इन समर्थकों को थाने से ही जमानत मिल सकती है, क्योंकि लगाए गए आरोप जमानती हैं।

Exit mobile version