Vande Bihar

बिहार उपचुनाव परिणाम आज: चारों सीटों पर किसकी होगी जीत

बिहार की चार प्रमुख विधानसभा सीटों – रामगढ़, तरारी, इमामगंज और बेलागंज के उपचुनाव के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। मतगणना केंद्र गया, कैमूर और भोजपुर जिलों में स्थापित किए गए हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी और फिर ईवीएम मशीनें खोली जाएंगी। इन चारों सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के साथ-साथ प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी मुकाबले में है।

कैमूर जिले के रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और बक्सर सांसद सुधाकर सिंह के भाई अजीत सिंह का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार अशोक सिंह से हो रहा है। बसपा ने इस सीट पर पूर्व विधायक अंबिका सिंह के भतीजे सुशील सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। जन सुराज पार्टी से सुशील कुशवाहा भी इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

भोजपुर जिले की तरारी विधानसभा सीट पर बाहुबली नेता सुनील पांडेय के बेटे विशाल प्रशांत ने बीजेपी की ओर से चुनाव लड़ा है। उनके खिलाफ महागठबंधन के उम्मीदवार सीपीआई माले के राजू यादव मैदान में हैं।

गया जिले की इमामगंज सीट पर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की बहू और बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन की पत्नी दीपा मांझी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) की ओर से चुनाव लड़ रही हैं। उनके सामने आरजेडी के उम्मीदवार रौशन मांझी हैं।

बेलागंज विधानसभा सीट पर आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ सिंह और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की मनोरमा देवी के बीच कड़ा मुकाबला है। इस सीट पर जन सुराज और एआईएमआईएम ने मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।

इन सभी चार सीटों पर 13 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था, जिसमें 52 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था। सबसे अधिक वोटिंग रामगढ़ में 58 प्रतिशत रही, जबकि सबसे कम मतदान तरारी में 50 प्रतिशत हुआ।

Exit mobile version