Vande Bihar

हिन्दी को प्रशासनिक कार्यों में बढ़ावा देने पर विमर्श, मंडल राजभाषा समिति की बैठक आयोजित

समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक गणनाथ झा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आलोक कुमार झा सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों तथा राजभाषा प्रभारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जनवरी से मार्च 2025 की तिमाही में मंडल के विभिन्न कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने इस अवधि में राजभाषा के क्षेत्र में हुए सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों को हिंदी के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासनिक कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता देने के साथ-साथ सभी विभागों को राजभाषा नीति के अनुपालन में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

abb computer

मुख्य राजभाषा अधिकारी गणनाथ झा ने मंडल में हिंदी के प्रयोग की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि कार्यालयीन कार्यों को हिंदी में सुगमतापूर्वक संपादित करने के लिए आवश्यक तकनीकी संसाधन, प्रशिक्षण एवं अनुवाद सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, कर्मचारियों को राजभाषा नीति के अनुरूप कार्य करने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक आलोक कुमार झा ने कहा कि हिंदी के प्रसार को गति देने के लिए मंडल स्तर पर कार्यशालाएँ, सेमिनार और हिंदी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने हिंदी के अधिकतम प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव साझा किए तथा राजभाषा संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर सहमति जताई। इसके लिए ठोस रणनीति बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Exit mobile version