बिहार में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है, और ठंड का असर अब महसूस होने लगा है। पहाड़ी इलाकों में मौसम में आए बदलाव का असर जल्द ही मैदानी क्षेत्रों में भी दिखने की संभावना है, जिससे राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में गिरावट के आसार हैं। सुबह के समय हल्की धुंध का प्रभाव पटना सहित कई क्षेत्रों में बना रहेगा। साथ ही ठंड के साथ प्रदूषण का स्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम में बदलाव की संभावना
बिहार में ठंड का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। 14 नवंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे ठिठुरन में बढ़ोतरी होगी और ठंड का असर गहराएगा।
पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न शहरों के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। पूर्णिया और राजगीर में सबसे अधिक तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की गिरावट देखी गई।
मौसम बदलाव के कारण बढ़ रहे मरीज
मौसम में बदलाव और सुबह-शाम के कोहरे के चलते बच्चों में वायरल इंफेक्शन और निमोनिया के मामले बढ़ रहे हैं। अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, खासकर कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में बीमारियों का खतरा अधिक होता जा रहा है।