Vande Bihar

खेत में घुसी बकरी बनी विवाद की वजह, युवक के सीने में दागी दो गोलियां

खेत में घुसी बकरी बनी विवाद की वजह, युवक के सीने में दागी दो गोलियां

बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के नरौन गांव में एक मामूली विवाद ने एक बड़ी त्रासदी का रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार की दोपहर तीन बजे यह घटना तब घटी, जब आरोपी ने अपनी बकरी को खेत में खुला छोड़ दिया। बकरी को फसल नष्ट करते देख मृतक युवक सुधांशु कुमार के पिता विष्णुदेव सिंह ने बकरी को खेत से बाहर निकालकर बांधने की सलाह दी। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।

आरोपी के दामाद ने इस बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इस बीच सुधांशु अपने पिता की मदद के लिए वहां पहुंचा, तो आरोपी के दामाद ने घर की छत पर चढ़कर सुधांशु के सीने में दो गोलियां दाग दीं। सुधांशु के छोटे भाई शैलेश कुमार ने बताया कि जब वह अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहा था, तब उसे इस झगड़े की सूचना मिली और वह दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचा। आरोपी के दामाद ने उस पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी और उसके दामाद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुधांशु को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है, और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं।

Exit mobile version