हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा (हम) ने शनिवार को पार्टी सुप्रीमो जीतनराम मांझी के केंद्रीय मंत्री बनने पर उनका अभिनंदन किया। पटना के एसकेएम हॉल में आयोजित कार्यक्रम में हम प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने चांदी का मुकुट पहनाकर मांझी को सम्मानित किया। गया जिला कमेटी की ओर से भी अपने सांसद को चांदी का मुकुट पहनाया गया।
इस मौके पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि अब इस पार्टी को कोई भी आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता है। यह उनका नहीं बल्कि हम पार्टी के कार्यकर्ताओं का सम्मान है। मांझी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी का जेडीयू में विलय नहीं किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें विलय का प्रस्ताव दिया था। आज नतीजा यह है कि उनकी पार्टी का वोट बढ़ गया है। मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार कहते थे कि छोटा दल नहीं चल पाएगा। आज हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा न केवल चल रही है बल्कि दौड़ रही है। आज वह केंद्र में मंत्री हैं। उनके बेटे संतोष सुमन पहले एक विभाग में मंत्री थे और अब उनके पास दो-दो विभाग हैं। केंद्रीय मंत्री ने हम कार्यकर्ताओं से आगामी उपचुनाव और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने ऐलान किया कि अगले साल 23 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में पार्टी की ओर से एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा।
ज्ञात हो कि पिछले साल जीतनराम मांझी ने अपनी पार्टी को बिहार की महागठबंधन सरकार से अलग कर लिया था। उनके बेटे संतोष सुमन ने नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा भी दिया था। इसके बाद मांझी एनडीए में शामिल हो गए। उस समय उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हम पार्टी को खत्म करने का आरोप लगाया था। हालांकि, इस साल की शुरुआत में खुद नीतीश भी महागठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल हो गए और बिहार में बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। संतोष सुमन फिर से नीतीश कैबिनेट में शामिल हो गए।