22 मार्च को उत्तर बिहार के कई इलाकों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त प्रयास से 19 से 23 मार्च, 2025 तक के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके अनुसार, 22 मार्च के आसपास उत्तर बिहार के कई इलाकों में गरज के साथ बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस अवधि में औसतन 9 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल सकती हैं। 23 मार्च को तेज हवाओं के साथ पुरवा हवा चलने की भी संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह के समय 65 से 75 प्रतिशत और दोपहर में 30 से 35 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। आज का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है।
इस मौसमी परिवर्तन के कारण किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।