bihar

बिहार: शादी के जेवरों पर जादू-टोना का दावा, लौंग खिलाकर महिला से ठगी; संतान न होने का बहाना

भोजपुर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो निःसंतान महिलाओं को संतान का झांसा देकर ठगी करता था। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना गजराजगंज ओपी क्षेत्र की है। सदर एएसपी परिचय कुमार ने जानकारी दी कि बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के महराजगंज की रहने वाली सुनीता देवी, जो हरेंद्र नट की पत्नी है, और भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के रानीसागर गांव निवासी वसीम हुसैन को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने उनके पास से ठगी का सामान बरामद किया है, जिसमें सोने की एक जोड़ी झुमका, सोने की एक जोड़ी बाली, दो सोने के मंगलसूत्र, दो मंगटिका, मोतियों की माला, दो नई और दो पुरानी साड़ियाँ और दो हजार रुपये नकद शामिल हैं। उनके पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना कारीसाथ गांव की है, जहां परमात्मा सिंह की पत्नी सुमन देवी अपने घर पर अपनी गोतनी के साथ थीं। तभी एक अनजान महिला उनके घर आई और परमात्मा सिंह के बारे में पूछताछ की। महिला ने कहा कि शादी के सात साल बाद भी संतान न होने की समस्या का समाधान करने आई है। उसने सुमन देवी और उनकी गोतनी को बताया कि उनके शादी के जेवरों पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है, जिससे उनकी संतान नहीं हो रही है।

ठग महिला ने उनसे जेवर, दो नई और दो पुरानी साड़ियाँ देने के लिए कहा ताकि वह शीतला माता को चढ़ा सके और इसके बाद संतान प्राप्ति और पति को नौकरी मिलने का वादा किया। उसने अपने आंचल से लौंग निकालकर दोनों को खिलाई, जिससे वे झांसे में आ गईं और सारा सामान उसे सौंप दिया। बाद में परिवार को ठगी का एहसास हुआ और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए शाहपुर ब्लॉक के पास से सुनीता देवी को गिरफ्तार किया और ठगी का सारा सामान बरामद कर लिया। सुनीता ने पुलिस को बताया कि इस ठगी में वसीम कुरैशी भी शामिल है, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने निःसंतान महिलाओं को ठगने के लिए उन्हें अपना निशाना बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *