समस्तीपुर में संदिग्ध परिस्थिति में युवक का शव मिला, आत्महत्या की जताई जा रही है आशंका!
समस्तीपुर जिले के रोसरा थाना क्षेत्र के रानीपरती बनडीहा गांव में रविवार की दोपहर एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुरेंद्र मंडल के पुत्र रोहित कुमार (30) के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही रोसरा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
घर का इकलौता बेटा था रोहित
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रोहित मुजफ्फरपुर में रहकर काम करता था और दो साल पहले ही उसकी शादी दरभंगा जिले के मधुबन गांव में हुई थी। वह हाल ही में मुजफ्फरपुर से अपने ससुराल, मधुबन गया था। सुबह गांव के लोगों ने उसे चौक के पास एक पिट्ठू बैग के साथ पैदल चलते हुए देखा था, लेकिन वह अपने घर नहीं पहुंचा।
दोपहर के समय गांव की कुछ महिलाएं घास काटने के लिए बगीचे की ओर गईं, तो उन्होंने आम के पेड़ से लटका हुआ रोहित का शव देखा। महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल के पास रोहित का पिट्ठू बैग पड़ा हुआ मिला। वह पूरी तरह से कपड़े पहने हुए था, यहां तक कि उसके पैर में जूते भी थे। जिस रस्सी से उसका शव लटका हुआ था, वह बिल्कुल नई दिखाई दी। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, ससुराल में किसी विवाद के कारण रोहित ने आत्महत्या की होगी। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। रोहित के परिवारजन भी इस घटना के बारे में खुलकर कुछ नहीं कह पा रहे हैं। रोहित के पिता का निधन लगभग 5 साल पहले हो गया था, और वह अपने घर का इकलौता बेटा था, उसकी तीन छोटी बहनें हैं।
ससुराल में छूटे बाइक और मोबाइल
रोहित की बाइक और मोबाइल उसके ससुराल में ही रह गए थे, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि ससुराल में किसी विवाद के बाद वह चुपचाप वहां से निकल गया और अपने घर भी नहीं लौटा। इसी कारण परिवार को यह पता नहीं चल सका कि ससुराल में उसके साथ क्या हुआ था।
क्या कहती है पुलिस
रोसरा थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ वे मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक का बैग घटनास्थल के पास ही पाया गया। फिलहाल, परिवारजन घटना के कारणों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।