देश

कोलकाता रेपकांड के विरोध में महिला संगठन का प्रदर्शन

कोलकाता में महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के विरोध में मंगलवार शाम को अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन द्वारा आक्रोश मार्च निकाला गया। इस मार्च के लिए संगठन की महिलाएं कालीबाड़ी चौक पर एकत्रित हुईं। इसके बाद, मार्च भट्टा बाजार से गुजरते हुए आर एन शाव चौक तक पहुंचा, जहां महिलाओं ने घटना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। फिर मार्च वापस कालीबाड़ी चौक आकर समाप्त हुआ।

इस आक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं और लड़कियां शामिल हुईं, जो न्याय की मांग करते हुए “वी वांट जस्टिस” के नारे लगा रही थीं। कैंडल मार्च का नेतृत्व संगठन की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि कोलकाता में पीजी कर रही महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस घटना के विरोध में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन देशभर में पैदल मार्च कर रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारी मांग है कि पीड़ित डॉक्टर को न्याय मिले और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। रात में ड्यूटी करने वाली महिला डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हम इस जघन्य अपराध की निंदा करते हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं। जब तक पीड़ित डॉक्टर को न्याय नहीं मिलता, तब तक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *