Vande Bihar

मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में रचा इतिहास

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत की महिला निशानेबाज मनु भाकर को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला पदक हासिल किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मनु भाकर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

नीतीश कुमार ने कहा कि देश की बेटी मनु भाकर ने ओलंपिक खेलों में एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतकर शूटिंग के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बनाई है। वह ओलंपिक के इतिहास में शूटिंग प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं, जिससे हर भारतीय गर्व महसूस कर रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मनु भाकर को 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक में देश के लिए पहला पदक हासिल करने पर बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि मनु भाकर की इस उपलब्धि से सारा देश गर्वित है और यह कई खिलाड़ियों, खासकर महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने मनु के भविष्य में और ऊंचाइयां छूने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक मेडल है। मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए शूटिंग में मेडल जीतने वाली पहली महिला बनकर एक अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल की है।

 

 

Exit mobile version