हॉकी इंडिया ने ‘हॉकी बिहार’ की मान्यता रद्द कर दी है और इसके संबंध में पत्र जारी किया है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने बताया कि 4 दिसंबर को हॉकी बिहार के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने राजगीर में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप को लेकर कुछ शिकायतें की थीं। शिकायत के अनुसार, ‘हॉकी बिहार’ के महासचिव मुश्ताक अहमद ने आयोजन में अधिकारियों से कोई संपर्क नहीं किया और न ही विशेष सहयोग प्रदान किया।
यह व्यवहार हॉकी इंडिया के राज्य में खेल को बढ़ावा देने के प्रयासों के विपरीत है। इस पर कार्रवाई करते हुए 12 दिसंबर को हॉकी बिहार को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया था। लेकिन हॉकी बिहार ने कोई उत्तर नहीं दिया।
दूसरी ओर, महासचिव मुश्ताक अहमद ने हॉकी इंडिया के निर्णय को गलत बताते हुए इसे खेल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की साजिश करार दिया है।
बिहार ओलंपिक संघ में तदर्थ कमिटी का गठन
भारतीय ओलंपिक संघ ने बिहार ओलंपिक संघ को भंग कर चार सदस्यीय तदर्थ कमिटी का गठन किया है। इस कमिटी के अध्यक्ष हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह बनाए गए हैं। अन्य सदस्यों में अरुण कुमार ओझा, पंकज कुमार ज्योति, और डॉ. संजय सिन्हा शामिल हैं।
इस निर्णय से राज्य में हॉकी के विकास को लेकर नई बहस छिड़ गई है।