Vande Bihar

उत्तर बिहार के जिलों में ठंड का कहर जारी, सर्द हवाओं से लोग परेशान

समस्तीपुर: जिले में बुधवार को भी मौसम का मिजाज ठंडा और सर्द बना रहा। सुबह घने कुहासे के बीच लोगों ने अपने दिन की शुरुआत की। दोपहर 12 बजे के आसपास थोड़ी देर के लिए चटख धूप निकली, लेकिन इसके बाद ठंडी हवाओं और गलन ने फिर से लोगों को कंपकंपा दिया। ओस की बूंदें कोहरे के बीच बारिश जैसी प्रतीत हो रही थीं।

जिले का अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर पछुआ हवाएं 14 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं, जिससे ठंड और बढ़ गई। ठंड के कारण खुले स्थानों पर रुकना मुश्किल हो गया, और लोग शाम चार बजे के बाद ही घरों में दुबक गए। शहर के बाजार, चौक-चौराहे वीरान नजर आए।

ठंड से बचने के लिए लोग हीटर, ब्लोअर और अलाव का सहारा ले रहे हैं। लेकिन नगर प्रशासन द्वारा जलाए गए अलाव नाकाफी साबित हो रहे हैं। कई दुकानदार गत्ते और कार्टन जलाकर खुद को गर्म रखने की कोशिश कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। इसके बाद मौसम के साफ होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Exit mobile version